मुरादाबाद , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश तथा नदियों में जलवृद्धि के कारण रामगंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार दोपहर एक बजे की रिपोर्ट के अनुसार कटघर पुल के पास रामगंगा का जलस्तर 189.88 गेज दर्ज किया गया। हालांकि, नदी का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से 72 सेंटीमीटर नीचे है, लेकिन शाम तक इसमें और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। उधर, पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में जारी बारिश के कारण कोसी नदी के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। नदी का पानी आसपास के खेतों की ओर पहुंचने लगा है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर सतर्कता से नजर बनाए हुए हैं।
लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी ने सोमवार, 7 सितंबर को मुरादाबाद जिले में कक्षा एक से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। इसमें सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड से संबद्ध विद्यालय भी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित