मुरादाबाद , जुलाई 4 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जांच में एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज कराने और नियमों के उल्लंघन के मामले उजागर हुए हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने शनिवार को बताया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान ऐसे मतदाताओं की पहचान की गई, जिन्होंने एक स्थान पर वैध मतदाता होने के बावजूद दूसरे स्थान पर भी अपना नाम दर्ज करा रखा था। सत्यापन के बाद डुप्लीकेट, मृत, स्थानांतरित और अपात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए।
प्रशासन के अनुसार, पुनरीक्षण से पहले जिले में कुल 24.60 लाख मतदाता दर्ज थे। व्यापक जांच के बाद यह संख्या घटकर 20.71 लाख रह गई। इसके बाद पात्र नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाने पर वर्तमान में जिले में 22.26 लाख वैध मतदाता हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि फर्जी दस्तावेजों अथवा डुप्लीकेट पहचान के आधार पर दो स्थानों पर वोट बनवाने वालों की पहचान लगातार की जा रही है। जांच के दायरे में आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान आवेदन कर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने वाले जिन लोगों ने जानबूझकर गलत घोषणा देकर दोहरी प्रविष्टि कराई है, उनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि यदि मतदाता सूची में किसी प्रकार की गड़बड़ी, डुप्लीकेट या फर्जी नाम की जानकारी हो तो इसकी सूचना तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित