मुरादाबाद, अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के मुगलपुरा क्षेत्र में बुर्कानशी महिला को सरेराह छेड़छाड़ का आरोपी सीसीटीवी में कैद हुआ। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मुगलपुरा थाना क्षेत्र के बरबलान इलाके में बुर्का पहनकर जा रही एक महिला के साथ कथित मौलाना ने अश्लील हरकत करने की शिकायत के बाद पुलिस टीम जांच में जुटी है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक (नगर) ने बताया कि थाना मुगलपुरा क्षेत्र की एक गली से जब महिला गुजर रही थी, उसी दौरान अचानक पीछे से आए एक टोपीधारी व्यक्ति ने उसे दबोच लिया और अश्लील हरकतें करने लगा। महिला ने जब हिम्मत दिखाते हुए तुरंत विरोध किया और शोर मचाया, तो आरोपी खुद को घिरता देख मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हुलिए और सिर पर टोपी होने के कारण आरोपी की पहचान 'मौलाना' बताई जा रही है। गली में लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी का चेहरा स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित