मुरादाबाद , मई 27 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के कुंदरकी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मुरादाबाद-अलीगढ़ राजमार्ग पर रोडवेज बस और कार की आमने-सामने की टक्कर में एक किशोरी की मौत हो गई, जबकि नवदंपती समेत सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि हुसैनपुर छिरावली गांव के पास हुये हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले के मोलधार निवासी रामविलास के पुत्र अमित की शादी मंगलवार को नेहा के साथ हुई थी। बुधवार सुबह परिवार के लोग कार से बदायूं स्थित कुलदेवी काली माता के दर्शन के लिए जा रहे थे। कार में अमित, उसकी नवविवाहिता पत्नी नेहा, रामविलास, स्वाति चौहान, आरुष चौहान, रित्विक, रेखा तथा 14 वर्षीय पायल सवार थीं। जैसे ही कार कुंदरकी क्षेत्र में हुसैनपुर छिरावली गांव के पास पहुंची, सामने से आ रही रोडवेज बस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पायल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य सात लोग घायल हो गए।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंदरकी पहुंचाया गया, जहां से गर्भवती स्वाति चौहान और बुजुर्ग रामविलास की गंभीर हालत को देखते हुए जिला संयुक्त अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित