मुरादाबाद , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में कटघर थाना क्षेत्र के रामगंगा पुल से शनिवार दोपहर एक युवक और युवती ने हाथ पकड़ कर नदी में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे दोनों एक बुलेट मोटरसाइकिल से दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर स्थित रामगंगा नदी के कटघर पुल पर पहुंचे थे। कुछ देर पुल पर रुकने के बाद दोनों ने अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान कटघर थाना क्षेत्र के पीतल बस्ती, सूरज नगर निवासी तुषार (20) पुत्र नन्हे के रूप में हुई है। युवती की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि नदी में कूदने से ठीक पहले तुषार ने अपने ताऊ के मोबाइल पर एक संदेश भेजा था, जिसमें लिखा था, "मुझे मत ढूंढ़ना, मेरी बुलेट कटघर पुल पर खड़ी है, दूसरी चाबी लेकर उसे ले जाना।" संदेश मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और वे भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए।

पुलिस ने मौके से युवक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है तथा परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना पुलिस का कहना है कि दोनों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित