मुरादाबाद , मई 05 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले के बिलारी थाना क्षेत्र में एक प्रापर्टी डीलर की तमंचे और धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने मंगलवार को बताया कि कमालपुर चंदौरा निवासी रंजीत चौहान (33) प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे। बीती देर रात जब वह गांव के परिषदीय स्कूल के पास टहल रहे थे, तभी उन्हें कुछ लोगों द्वारा घेर लिया गया। हमलावरों को देखकर रंजीत अपनी जान बचाने के लिए पास के मुकेश पाल के घर में घुस गए, लेकिन आरोपियों ने पीछा करते हुए घर के अंदर ही उनके पेट में गोली मार दी और सिर पर फरसे से ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर एकत्र होते, तब तक हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
परिजन गंभीर रूप से घायल रंजीत को 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) देहात कुंवर आकाश सिंह और बिलारी पुलिस की टीम और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
मृतक के चचेरे भाई बॉबी चौहान की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामले में दर्ज़ मुकदमे में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही सभी दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वर्तमान में गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित