मुरादाबाद , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद देहात क्षेत्र में पूर्व राशन डीलर का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना मुरादाबाद देहात के ठाकुरद्वारा सर्किल के भगतपुर थाना क्षेत्र की है। पतियानगला गांव निवासी 65 वर्षीय पूर्व राशन डीलर अजब सिंह शुक्रवार शाम से लापता थे। शनिवार सुबह उनका शव गांव के पास पानी से भरे नाले में मिला।
घटनाक्रम के अनुसार पतियानगला गांव में शनिवार सुबह सड़क किनारे स्थित नाले में शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही भगतपुर थाना पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार अजब सिंह अपने परिवार के साथ गांव से करीब 700 मीटर दूर खेत में बने मकान में रहते थे। उनके पुत्र अनिल ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे अजब सिंह रोजाना की तरह गांव की ओर टहलने निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह करीब 10 बजे अजब सिंह के चचेरे भाई विनीत बाइक से खाद लेकर खेत की ओर जा रहे थे। रास्ते में खाद का कट्टा गिर जाने पर वह उसे उठाने के लिए रुके। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़ी एक चप्पल और पास के नाले में पड़े शव पर गई। शव की पहचान अजब सिंह के रूप में होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक नमूने और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। अजब सिंह अपने पीछे पत्नी रोशनी, पांच पुत्रों और चार पुत्रियों का परिवार छोड़ गए हैं। बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित