मुरादाबाद , जुलाई 02 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दिल्ली रोड स्थित एक पीतल निर्यात फर्म में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का तैयार और कच्चा माल जलकर नष्ट हो गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद 10 दमकल वाहनों और लगभग 100 अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। इस दौरान फैक्ट्री परिसर में खड़ी 12 लग्जरी कारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली रोड पर सर्किट हाउस के सामने स्थित निर्यात नगर में कन्हैयालाल निर्मल कुमार ओवरसीज नामक पीतल निर्यात फर्म में बुधवार मध्यरात्रि अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दूसरी मंजिल सहित पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री में तैयार रखी पीतल की ट्रॉफियां, कच्चा माल और अन्य तैयार उत्पाद जलकर राख हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। आग की गंभीरता को देखते हुए मुरादाबाद के अलावा कांठ, बिलारी और ठाकुरद्वारा से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कुल 10 दमकल वाहनों और लगभग 100 अग्निशमन कर्मियों ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। स्थानीय संसाधन अपर्याप्त होने के कारण अतिरिक्त दमकल वाहनों की सहायता लेनी पड़ी।

दमकल कर्मियों की तत्परता से फैक्ट्री परिसर में खड़ी 12 महंगी लग्जरी कारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। हालांकि फैक्ट्री के भीतर रखा भारी मात्रा में माल पूरी तरह नष्ट हो गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो राहत की बात रही। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित