मुरादाबाद , अप्रैल 06 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में नौवीं पीएसी वाहिनी में तैनात आरक्षी प्रशिक्षक ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विकास गौतम (34) सुबह प्रशिक्षण मैदान पहुंचे थे और इसके बाद कपड़े बदलने के लिए अपने आवास पर गए थे। काफी देर तक बाहर न आने पर साथियों को संदेह हुआ। उनके साथी जवान ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा, जहां विकास का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची सिविल लाइंस थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विकास गौतम मेरठ जिले के किठौर क्षेत्र के निवासी थे और वर्ष 2019 से पीएसी में तैनात थे। वे प्रशिक्षु सिपाहियों को प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी निभा रहे थे। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले ही उन्होंने अपनी दो बहनों की शादी संपन्न कराई थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित