मुरादाबाद , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में जिम जाने को लेकर हुए विवाद के दौरान पति ने पत्नी की लोहे की रॉड से हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी करीब छह घंटे तक वारदात को छिपाने का प्रयास करता रहा। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि कटघर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में स्क्रैप कारोबारी शोभित गुप्ता अपनी पत्नी पूनम गुप्ता (35) और परिवार के साथ रहता था। दोनों के बीच जिम जाने को लेकर अक्सर विवाद होता था। बताया गया कि बुधवार सुबह जिम से लौटने के बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आक्रोशित होकर शोभित ने पत्नी के सिर पर लोहे के हैंडल से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जबकि पुलिस को इसकी सूचना दोपहर करीब तीन बजे दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को महिला का शव बेड पर पड़ा मिला, जिसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने घटना को हादसा दर्शाने की कोशिश की थी। इस दौरान उसने अपनी बेटी को भी घटना की जानकारी नहीं दी और शव को कई घंटे तक घर में ही रखा।

पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर आरोपी पति शोभित गुप्ता समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित