मुरादाबाद , अगस्त 12 -- हस्तशिल्प निर्यात प्रोत्साहन परिषद (ईपीसीएच) द्वारा सेंट्रल रीजन के समिति सदस्यों (सीओए) और विभिन्न निर्यात संघों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण इंटरएक्टिव बैठक 13 अगस्त को आयोजित की जा रही है। ईपीसीएच के चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना ने बुधवार को बताया कि नया मुरादाबाद योजना, ज़ीरो प्वाइंट स्थित ईपीसीएच हाउस के बोर्ड रूम में आयोजित इस बैठक में हस्तशिल्प निर्यात क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों और आगामी 'आईएचजीएफ दिल्ली फेयर - ऑटम 2026' (अक्टूबर फेयर) से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक के दौरान अक्टूबर फेयर में स्टॉल व भागीदारी की कीमतों में कमी लाने, फेयर के अधिक सुचारू व प्रभावी संचालन हेतु सुझाव प्राप्त करने तथा निर्यात क्षेत्र को गति देने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। तय कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 2 बजे विभिन्न क्लस्टरों के निर्यात संघों के नेताओं व प्रतिनिधियों के साथ व्यक्तिगत बैठक होगी। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे से सेंट्रल रीजन के सीओए सदस्यों के साथ मुख्य सत्र आयोजित होगा, जिसमें संगठनात्मक व नीतिगत सुझावों पर चर्चा की जाएगी। अंत में शाम 4 बजे प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बैठक के मुख्य निर्णयों व फेयर की रूपरेखा की जानकारी साझा की जाएगी। चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना ने सभी संबंधित सदस्यों व निर्यातकों से समय पर उपस्थित होकर अपने बहुमूल्य सुझाव साझा करने का आह्वान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित