मुरादाबाद , जुलाई 10 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में मां- बेटे की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के देवर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात के बाद से फरार चल रहे पति की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साक्ष्य मिटाने की नीयत से हत्यारों ने दोनों शवों के चेहरों को जलाने का भी प्रयास किया था। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिटी कुमार रणविजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि अभी मृतका के देवर को गिरफ्तार किया है, वहीं वारदात में शामिल मुख्य संदिग्ध मृतका के पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

इस दोहरे वीभत्स हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब बीते बुधवार को सुबह-सुबह अमरोहा जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत चक्ककालीलेट गांव में किसान कल्लू सिंह के गन्ने के खेत से एक 35 वर्षीय महिला का गला रेता हुआ शव बरामद हुआ था, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।

इस खौफनाक वारदात की कड़ियां उस समय और उलझ गईं जब अगले दिन यानी बृहस्पतिवार दोपहर को मां के शव से महज एक खेत के फासले पर करीब 500 मीटर की दूरी पर दूसरे खेत मालिक के जरिए एक किशोर का शव पड़ा होने की सनसनीखेज जानकारी सामने आई, जिसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। ग्रामीणों और परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना देने के साथ दोनों शवों की पहचान मौढ़ा तैय्या निवासी सीमा (35) और उसके बेटे अंकुश (10) के रूप में की गई। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मृतकों की शिनाख्त मिटाने के उद्देश्य से दोनों के चेहरों को भी जलाने का प्रयास किया था।

पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में यह बात खुलकर सामने आई है कि मृतका सीमा का अपने पति जसराम, जो कि पेशे से एक ट्रक चालक है, से लंबे समय से गंभीर पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी कलह के कारण वह पिछले दो वर्षों से अपने बेटे अंकुश के साथ शेरूआ चौराहे के पास कौकरपुर गांव में अलग जीवन यापन कर रही थी।

पुलिस सूत्रों ने यह भी बताया कि जांच के दौरान पाकबड़ा क्षेत्र के फलैदा गांव के एक युवक से भी मृतका के संपर्क होने की बात प्रकाश में आई है, जिसकी पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। एसपी सिटी ने बताया कि एकत्रित साक्ष्यों और गहन विवेचना के आधार पर मृतका के पति जसराम व देवर जयराम की संलिप्तता सामने आई है, जिसके आधार पर मृतका के देवर जयराम को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा दोहरे हत्याकांड के पीछे की मुख्य वजह को जानने और मुख्य आरोपी जसराम की गिरफ्तारी के बाद मां-बेटे की हत्या के पीछे की वजह का खुलासा हो सकेगा। हिरासत में लिए गए लोगों से मामले की पूछताछ जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित