मुरादाबाद , मई 12 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में कुपोषण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिल रही है। अनुपूरक पुष्टाहार, हॉट कुक्ड मील और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से दो लाख से अधिक बच्चों और हजारों गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं आर्थिक सहायता का लाभ मिल रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि जिले में संचालित पोषण योजनाओं के तहत 6 माह से 3 वर्ष आयु वर्ग के 1,47,913 बच्चों तथा 3 से 6 वर्ष तक के 74,550 बच्चों को अनुपूरक पुष्टाहार उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 42,584 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को भी पौष्टिक आहार का लाभ दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम के उद्देश्य से लाभार्थियों को टेक-होम राशन तथा अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की जा रही है। वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन और पोषण ट्रैकर जैसी तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि सहायता सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचे।

इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित 'हॉट कुक्ड मील' योजना भी बच्चों के लिए लाभकारी साबित हो रही है। जिले के 32,103 बच्चों को प्रतिदिन ताजा एवं संतुलित गर्म भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इस योजना से बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में सुधार के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर उनकी उपस्थिति में भी वृद्धि दर्ज की गई है।

भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपी गई है, जिससे स्थानीय स्तर पर महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पहली बार मातृत्व ग्रहण करने वाली महिलाओं को 5,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दो किश्तों में सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है। वहीं दूसरी संतान बेटी होने पर 6,000 रुपये की एकमुश्त सहायता प्रदान की जा रही है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के आंकड़ों के अनुसार अब तक जिले में 7,000 से अधिक महिलाएं इस योजना का लाभ प्राप्त कर चुकी हैं। अधिकारियों का कहना है कि सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत करना तथा कुपोषण मुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित