मुरादाबाद , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मैनाठेर इलाके में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच बच्चों समेत नौ लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस कार चालक से पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि संभल जनपद के हयात नगर निवासी 22 वर्षीय अदनान कार में दोस्तों के साथ संभल से मुरादाबाद जा रहा था। मैनाठेर इलाके के जटपुरा मंदिर के समीप कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैदल चल रहे लोगों और बाइक सवारों को एक-एक कर रौंदती चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे में घायल हुए लोग हैं। पलक (14) जो ट्यूशन पढ़ने जा रही थी, 10 वर्षीय अनुष्का, आशीष (16), विवेक (18), विजय उर्फ तरुण (12), दुर्गेश (4), बाइक सवार अकरम (28), शफीक (42) और एक अन्य। घायल अकरम और शफीक की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया।
राहगीरों ने मौके पर पुलिस को सूचना दी और घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। हादसे को पास के सीसीटीवी कैमरों में कैद कर लिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार जब्त कर ली है और चालक अदनान को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित