मुरादाबाद , जून 12 -- मुरादाबाद के नागफनी थाना क्षेत्र में पीतल कारोबारी के घर हुई एक करोड़ रुपये से अधिक की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूटी गई रकम में से 99 लाख 19 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं, जो कुल रकम का लगभग शत-प्रतिशत हिस्सा है। पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि 11 जून को नागफनी क्षेत्र में एक कारोबारी के घर 1.20 करोड़ रुपये की डकैती की घटना हुई थी। मामले के खुलासे के लिए एसओजी, नागफनी थाना पुलिस और अन्य टीमों को लगाया गया था तथा उच्चाधिकारियों द्वारा लगातार इसकी निगरानी की जा रही थी।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई में वादी कारोबारी की बेटी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से 47 लाख 24 हजार रुपये नकद, अवैध असलहे और घटना में प्रयुक्त दो कारें बरामद की गई थीं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त नदीम, बिट्टू उर्फ सत्येंद्र और आदित्य को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 23 लाख पांच हजार रुपये की अतिरिक्त नगदी बरामद हुई।
एसपी सिटी ने बताया कि जांच के दौरान रोहित और अंकित नामक दो अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई। इनमें रोहित एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध विभिन्न थानों में आठ से नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों का पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त कर उनकी निशानदेही पर रोहित के पास से 15 लाख 90 हजार रुपये तथा अंकित के पास से 14 लाख चार हजार रुपये बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना से जुड़े साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर भी बरामद कर लिए हैं।
एसपी सिटी के अनुसार, इस पूरी डकैती की साजिश रचने और गैंग तैयार करने में रोहित की मुख्य भूमिका रही है। मामले में अब तक कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है तथा डकैती की लगभग पूरी रकम बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित