मुरादाबाद , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जिले की तहसील ठाकुरद्वारा में उपभोक्ताओं की लगातार शिकायतों के बाद, जिला आपूर्ति विभाग की टीम द्वारा बीती देर रात छापेमारी की और अनियमितताएं पाए जाने पर गोदाम सील कर दिया गया।

देशभर में घरेलू (एलपीजी) गैस संकट गहराने के बीच उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद और अमरोहा जिले में भी गैस सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण को लेकर शिकायतें लगातार बढ़ती ही जा रही हैं।

जिला आपूर्ति विभाग ने लगातार शिकायतों से तंग आकर शुक्रवार देर रात मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा स्थित भावना भारत गैस एजेंसी पर टीम द्वारा छापेमारी की गई। जांच टीम ने अभिलेखों और रजिस्टरों की मौके पर गहन जांच की, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। और संबंधित एजेंसी के खिलाफ़ एहतियातन जरुरी क़दम उठाए गए हैंइस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी मुरादाबाद अजय प्रताप सिंह ने शनिवार को बताया कि उपभोक्ताओं से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बुकिंग करने के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं दिए जा रहे हैं। कुछ मामलों में तय तारीख से पहले सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे थे, जबकि नकद भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता न देकर अन्य को सिलेंडर दिए जा रहे थे।

बीती देर रात छापेमारी के दौरान आपूर्ति निरीक्षक जयवीर सिंह के नेतृत्व में गठित तीन सदस्यीय टीम में शामिल अमित सिंह और अनिल कुमार द्वारा जांच में पाया कि एजेंसी मालिक पिछले तीन दिनों की गैस बुकिंग की पर्चियां प्रस्तुत नहीं कर सके और केवल आधी बुकिंग की पर्चियां ही दिखाई गईं। इसके अलावा गोदाम में स्टॉक के रूप में मौजूद 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडर भी रजिस्टर के अनुसार कम पाए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित