मुरादाबाद , जुलाई 02 -- यात्रियों की सुरक्षित, संरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने तथा रेल पथ के अनुरक्षण एवं संरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे मुरादाबाद-बरेली रेलखंड पर बड़े पैमाने पर ट्रैक टैम्पिंग का कार्य कराएगा। इसके लिए चार जुलाई से 31 जुलाई तक कुल 25 ट्रैफिक ब्लॉक स्वीकृत किए गए हैं, जिसके चलते कई ट्रेनों के मार्ग और परिचालन में अस्थायी परिवर्तन किया जाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने गुरुवार को बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नौ, 18 और 28 जुलाई को कोई ट्रैफिक ब्लॉक नहीं रहेगा, जिससे इन तिथियों पर रेल यातायात सामान्य रूप से संचालित होगा।

रेल प्रशासन के अनुसार ट्रैक टैम्पिंग कार्य के दौरान कुछ महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। गाड़ी संख्या 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस तीन, पांच, सात, 10, 12, 14, 16, 19, 21, 23 और 29 जुलाई को मुरादाबाद-चंदौसी-बरेली कैंट मार्ग से संचालित होगी। इन तिथियों पर ट्रेन रामपुर स्टेशन नहीं जाएगी तथा बरेली जंक्शन के स्थान पर बरेली कैंट स्टेशन पर ठहरेगी।

इसी प्रकार 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस तीन और 29 जुलाई को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इस दौरान ट्रेन रामपुर, मिलक और क्लटरबकगंज स्टेशनों पर नहीं रुकेगी तथा बरेली कैंट स्टेशन पर ठहराव दिया जाएगा।

वहीं 13042 जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस छह जुलाई को मुरादाबाद-चंदौसी-बरेली कैंट मार्ग से संचालित होगी और बरेली कैंट स्टेशन पर अतिरिक्त व्यावसायिक ठहराव करेगी।

ट्रैफिक ब्लॉक के कारण कई अन्य ट्रेनों को मार्ग में नियंत्रित (रेगुलेट) कर चलाया जाएगा। 15211 दरभंगा-अमृतसर एक्सप्रेस चार, छह, नौ, 11, 13, 15, 18, 20, 22, 26, 28 और 30 जुलाई को 45 मिनट तथा 24 जुलाई को 90 मिनट विलंब से संचालित होगी।

इसके अलावा 12204 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस चार, आठ, 11 और 15 जुलाई को 30 मिनट, जबकि 14603 नरपतगंज-अमृतसर एक्सप्रेस 24 जुलाई को 90 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी।

विशेष ब्लॉक के कारण 26 जुलाई को 55301 मुरादाबाद-लालकुआं पैसेंजर तथा 15128 नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस को 30-30 मिनट और 20506 नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस को 90 मिनट मार्ग में नियंत्रित कर संचालित किया जाएगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि जुलाई माह में यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा, नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें। यात्रियों की सुविधा के लिए संबंधित स्टेशनों, पूछताछ कार्यालयों तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी नियमित रूप से आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित