मुरादाबाद , जून 22 -- केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी और पर्यावरण-अनुकूल 'हर घर पीएनजी' अभियान के तहत मुरादाबाद शहर के 44 प्रमुख इलाकों और सोसायटियों को 'स्मार्ट और एलपीजी फ्री जोन' बनाने की विस्तृत योजना तैयार की गई है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सिलेंडर बुकिंग और उसके खत्म होने की समस्याओं से स्थायी मुक्ति दिलाना है। इस प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए टोरेंट गैस लिमिटेड और ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (ओएमसी) ने एक संयुक्त समिति का गठन किया है। टोरेंट गैस कंपनी के एजीएम मार्केटिंग दीपक शर्मा ने बताया कि मुरादाबाद में एक लाख से अधिक घरेलू कनेक्शन देने के लक्ष्य के साथ एक मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है। कंपनी अब तक 1950 किलोमीटर एमडीपीई और 144 किलोमीटर स्टील पाइपलाइन बिछाकर 55 हजार घरों तक पीएनजी की सुरक्षित आपूर्ति शुरू कर चुकी है। देशव्यापी स्तर पर 'क्लीन एनर्जी मूवमेंट' के तहत 1.71 करोड़ पीएनजी कनेक्शन हो चुके हैं, जिसमें उत्तर प्रदेश 22.75 लाख कनेक्शनों के साथ अग्रणी भूमिका में है।

भौगोलिक चुनौतियों जैसे संकरी सड़कों और कच्चे मकानों वाले क्षेत्रों में आपूर्ति पहुंचाने के लिए कंपनी के इंजीनियर विशेष तकनीकी समाधानों पर काम कर रहे हैं। घने क्षेत्रों में भूमिगत यूटिलिटी लाइनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है और किसी भी लाइन के क्षतिग्रस्त होने पर तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाती है। पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को जल्द से जल्द ठीक किया जाता है ताकि निवासियों को असुविधा न हो। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए टोरेंट गैस ने नकद लेन-देन को पूरी तरह प्रतिबंधित कर केवल सुरक्षित डिजिटल माध्यमों को अपनाया है।

वर्तमान में पीएनजी पर कोई सरकारी सब्सिडी उपलब्ध नहीं है, लेकिन उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए दो किफायती योजनाएं पेश की गई हैं। फुल पेमेंट योजना के तहत कुल 6,090 रुपये का विकल्प है, जिसमें 590 रुपये नॉन-रिफंडेबल आवेदन शुल्क (18 प्रतिशत जीएसटी सहित), 5,000 रुपये ब्याज-रहित रिफंडेबल सुरक्षा राशि और 500 रुपये ब्याज-रहित रिफंडेबल गैस आपूर्ति सुरक्षा राशि शामिल है। दूसरी ओर, आसान ईएमआई योजना के तहत मात्र 590 रुपये देकर तुरंत कनेक्शन लिया जा सकता है, जबकि शेष 6,500 रुपये की राशि 500 रुपये की 13 द्वि-मासिक किस्तों में गैस बिल के साथ देय होगी, जो पूरी तरह रिफंडेबल है। नए कनेक्शन के साथ एक मीटरिंग यूनिट, सुरक्षा होज़ पाइप और 15 मीटर तक की पाइपलाइन मुफ्त दी जाती है। पहली बार मैनुअल स्टोव (4 बर्नर तक) का रूपांतरण भी कंपनी द्वारा मुफ्त किया जाता है, जबकि 15 मीटर से अधिक पाइपलाइन होने पर 354 रुपये प्रति मीटर का सर्विस शुल्क देय होता है। सुरक्षा कारणों से पाइपलाइनों को ढकने की अनुमति नहीं है, तथा पत्थर या कांच की कटिंग और ऑटोमैटिक स्टोव के रूपांतरण का खर्च ग्राहक को स्वयं वहन करना होगा।

टोरेंट गैस ने 44 गैसीकृत क्षेत्रों को 'एलपीजी फ्री जोन' बनाने का प्रस्ताव रखा है। इनमें पीएमएवाई-एमडीए (पॉकेट 1 और 2), सुपरटेक पामग्रीन्स, टीडीआई सिटी, आकाश रेजिडेंसी, गौर ग्रेसियस, पैसिफिक स्टार होम्स, इम्पीरियल ग्रीन्स, गैलेक्सी अपार्टमेंट, मधुबनी, रेल कुंज और चंद्रनगर (वार्ड 17) जैसी प्रमुख सोसायटियां शामिल हैं, जहां 5,000 परिवार पहले से पीएनजी का लाभ ले रहे हैं। आगामी दिनों में गैस नेटवर्क की उपलब्धता के आधार पर अन्य क्षेत्रों को भी एलपीजी मुक्त क्षेत्र घोषित किया जाएगा।

पीएनजी की आपूर्ति 'लूप्ड गैस सप्लाई' व्यवस्था के माध्यम से 24x7 निर्बाध रूप से सुनिश्चित की जा रही है। टोरेंट गैस ने नगर निगम के 70 में से 52 वार्डों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा ली है और शहर में 26 सीएनजी स्टेशन भी संचालित हैं। कंपनी हर महीने लगभग 1300 नए परिवारों को ग्रिड से जोड़ रही है। सरकार द्वारा पाइपलाइन बिछाने की अनुमति की समय सीमा 10 से 60 कार्य दिवस तय किए जाने के बाद काम की गति बढ़ाने के लिए वेंडरों की संख्या 8 से बढ़ाकर 15 कर दी गई है और 12 नए वार्डों में नेटवर्क विस्तार की योजना पर काम चल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित