मुरादाबाद , जुलाई 14 -- उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल अंतर्गत हर्रावाला रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है। स्टेशन का लोकार्पण 17 जुलाई को किया जाएगा। रेल मंडल प्रशासन ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने मंगलवार को बताया कि भारतीय रेल की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, यात्री-अनुकूल एवं विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। इसी क्रम में हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि स्टेशन के सर्कुलेटिंग क्षेत्र का विकास एवं सौंदर्यीकरण किया गया है। आकर्षक प्रवेश द्वार (एंट्रेंस पोर्च) का निर्माण तथा स्टेशन भवन के अग्रभाग को आधुनिक स्वरूप प्रदान किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, पुरुष एवं महिला यात्रियों के लिए आधुनिक शौचालय तथा दिव्यांगजन-अनुकूल शौचालय विकसित किए गए हैं। इसके अलावा सुव्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र, रैंप, प्लेटफार्मों का पुनः सतहीकरण तथा विस्तृत प्लेटफार्म शेल्टर का निर्माण भी कराया गया है।
श्री यादव ने कहा कि पुनर्विकास के बाद यात्रियों को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। स्टेशन का नया स्वरूप आधुनिक रेल अवसंरचना के साथ स्थानीय परिवेश और क्षेत्रीय पहचान को भी प्रतिबिंबित करता है।
उन्होंने बताया कि स्टेशन पर सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए गए हैं। 17 जुलाई को आयोजित समारोह में पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद मंडल रेल यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुगम और आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा इस परियोजना से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित