मधेपुरा , अप्रैल 18 -- बिहार में मधेपुरा से मुरलीगंज जाने वाले मुख्य रेल मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा होते होते बचा, जब कोशी एक्सप्रेस में लगी आग को समय रहते बुझा दिया गया।
पटना से पूर्णिया कोर्ट जा रही कोसी एक्सप्रेस (18626) जब दिनापट्टी स्टेशन के समीप से गुजर रही थी, तभी ट्रेन के स्लीपर कोच S-5 के नीचे से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुएं ने आग की लपटों का रूप ले लिया।
ट्रेन में सवार प्रत्यक्षदर्शी यात्री फुचुन कुमार ने बताया कि रात करीब 11 बजे जब कोच के नीचे से धुआं निकलना शुरू हुआ, तब यात्रियों ने शोर मचाकर ट्रेन रोकने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में रेल कर्मियों का ध्यान इस ओर नहीं गया। कुछ दूर आगे बढ़ते ही आग विकराल होने लगी, जिसके बाद ट्रेन को रोका गया।
इसके बाद आग की लपटें देख कोच में सवार यात्री दहशत के मारे चलती ट्रेन से नीचे कूदने लगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित