मुंबई , अगस्त 10 -- दक्षिण मुंबई में डोंगरी पुलिस ने एक व्यक्ति को लगभग 30 लाख रुपये की कीमत की तेंदुए की खाल रखने और उसे बेचने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी ।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर बालासाहेब कनावड़े की अगुवाई वाली पुलिस टीम ने नौ अगस्त को डोंगरी इलाके में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान निखिल सोनावणे के रूप में की गयी है जो तारदेव का निवासी है। ऑपरेशन के दौरान, पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 2.5 किलोग्राम वजन की तेंदुए की संदिग्ध खाल बरामद की। बरामद की गयी वन्यजीव सामग्री की अनुमानित बाजार में कीमत 30 लाख रुपये बताई गयी है।
पुलिस ने यह स्पष्ट किया कि जब्त की गयी खाल की सही प्रजाति और आधिकारिक कीमत की पुष्टि वन विभाग और वन्यजीव विशेषज्ञों द्वारा वैज्ञानिक जांच के बाद की जायेगी। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की धाराओं 2, 9, 39(2), 39(3), 51 और 52 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित