मथुरा , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में आयोजित विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेले की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बुधवार को गोवर्धन स्थित मुख्य कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के निरीक्षण भवन सभागार में स्थापित मुख्य कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों की निगरानी की। उन्होंने विभिन्न कैमरों के जरिए श्रद्धालुओं की आवाजाही, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों तथा विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिस बल एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में प्राप्त हो रही श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की शिकायतों और सूचनाओं की जानकारी ली। उन्होंने शिकायत एवं सूचना रजिस्टर का भी अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मेले में तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मेला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित