मथुरा , जुलाई 15 -- आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बुधवार को रेलवे अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में मेले के दौरान रेलवे प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि 23 से 30 जुलाई तक आयोजित होने वाले मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए उनकी सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रेलवे अधिकारियों को ट्रेनों की संख्या बढ़ाने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों के ठहराव का समय बढ़ाने के निर्देश दिए।

भीड़ प्रबंधन के लिए मथुरा जंक्शन और गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर बड़े होल्डिंग एरिया (प्रतीक्षा स्थल) बनाए जाएंगे, जहां यात्री अपनी ट्रेन की प्रतीक्षा कर सकेंगे। साथ ही अंतिम समय में प्लेटफॉर्म परिवर्तन से बचने तथा यात्रियों को नियमित उद्घोषणाओं के माध्यम से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मथुरा जंक्शन और गोवर्धन रेलवे स्टेशन को आकर्षक सजावट के साथ विकसित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। दोनों स्टेशनों के प्रवेश द्वारों को तिरंगा लाइटिंग और सजावटी झालरों से रोशन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के आकर्षण के लिए विशेष सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्टेशनों पर शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले दुकानदारों की नियमित जांच की जाए तथा मिलावटी अथवा एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए गोवर्धन फाटक को केवल सीमित समय के लिए बंद रखने, ऑटो, टेंपो और बसों के लिए पूर्व निर्धारित रूट लागू करने तथा रेलवे स्टेशनों के सभी ओवरब्रिजों की तकनीकी जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमरेश कुमार, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राजेश कुमार तिवारी तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित