सोनीपत एक नवंबर (वार्ता ) हरियाणा के सोनीपत के गोहाना क्षेत्र के गांव मुडलाना में शनिवार शाम घर में एक महिला और उसके तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल से दो पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। इसमें महिला ने पारिवारिक तनाव, संपत्ति विवाद और कथित भेदभाव का जिक्र किया है। दूसरी ओर, मृतका के भाई ने तीनों बच्चों की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है।
मृतकों की पहचान रीमा (37), उनकी बेटियों रिहाना (11), आरजू (7) और बेटे दुष्यंत (4) के रूप में हुई है। रीमा के पति जयदेव पानीपत के मतलौड़ा क्षेत्र स्थित सरकारी स्कूल में जेबीटी शिक्षक हैं। शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जब वह ड्यूटी से घर पहुंचे तो पत्नी और बच्चे दिखाई नहीं दिए। तलाश के दौरान पहली मंजिल के कमरे में चारों के शव फंदे पर लटके मिले। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे।
पुलिस को मौके से दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें रीमा ने मानसिक तनाव का जिक्र करते हुए पति को बेकसूर बताया और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की अपील की है। नोट में परिवार के भीतर कथित भेदभाव, संपत्ति के बंटवारे और ससुराल पक्ष पर काला जादू कराने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित