भीलवाड़ा , अगस्त 06 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में चित्तौड़-अजमेर बाईपास पर बुधवार देर रात मादक पदार्थ निरोधी कार्य बल (एएनटीएफ) और तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में मारे गये तस्कर गणेशराम की कार से 46 किलो अफीम डोडा चूरा, एक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किये गये हैं।
सूत्रों ने बताया कि चार अलग-अलग नंबर प्लेट भी बरामद की गई हैं। वहीं उसका साथी महेंद्र गोदारा पुलिस की गिरफ्त में है, जिससे गहन पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार एएनटीएफ ने पुर थाना क्षेत्र में चित्तौड़-अजमेर बाईपास पर संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया था। इस पर चालक ने कार को घुमाकर भागने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान कार में सवार तस्करों ने एएनटीएफ के दल पर पिस्तौल से गोलीबारी कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक गोली गणपतराम के लगी, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि उसका साथी महेंद्र गोदारा को मौके पर ही दबोंच लिया गया।
घटना के बाद गुरुवार को महात्मा गांधी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित