ग्रेटर नोएडा , मई 06 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में हत्या के एक मामले में वांछित अभियुक्त के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है और उसके कब्जे से अवैध हथियार व चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार की रात साकीपुर गांव में घर के सामने नाली के कचरे को जलाने को लेकर विवाद हो गया था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि अभियुक्त और उसके साथियों ने साजन (25) की हत्या कर दी। घटना के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर पर सूरजपुर थाना में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
इसी क्रम में सूरजपुर थाना पुलिस टीम एमटैक के सामने तिराहे पर तिलपता से गौर सिटी की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी। तभी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी वीर सिंह (38), निवासी ग्राम साकीपुर, थाना सूरजपुर घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके से एक अवैध देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
इस संबंध में थाना सूरजपुर पर अभियोग पंजीकृत है। पुलिस द्वारा अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित