अमेठी , जुलाई 27 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में पुलिस ने ऑपरेशन 'चक्रव्यूह' के तहत कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद एक अंतरराज्यीय गोकश गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल एक आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि अभियान के तहत पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जामो थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे दृगपाल के पास स्थित एक गड्ढे में कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को बांधकर गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
उन्होंने बताया कि पुलिस को देखते ही आरोपियों में से एक ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. मोहसिन पुत्र मेहबुल्ला, मो. मोनू उर्फ अशरफ पुत्र अब्दुल सलमान तथा आमिर पुत्र मो. रसीद खान, निवासी इमामगंज, थाना बंधुआकला, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान राम हृदय पुत्र बद्री सिंह, निवासी दतनपुर कटारी, थाना जामो, जनपद अमेठी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गोकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक अन्य साथी राजेश पुत्र गनेश सिंह, निवासी दतनपुर कटारी, गोवंशीय पशुओं को एकत्रित करता था और बाद में उन्हें गोकशी के लिए बुलाता था। गोकशी के बाद मांस आसपास के जिलों में बेचा जाता था, जबकि बड़े गोवंशीय पशुओं को बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड भेजा जाता था। आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन भी राजेश ने पशुओं को एकत्रित कर उन्हें गोकशी के लिए बुलाया था।
पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना जामो में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मो. मोहसिन थाना बंधुआकला, जनपद सुल्तानपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके विरुद्ध अमेठी और सुल्तानपुर जिलों में गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट तथा हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में चार आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों और आर्थिक लेन-देन सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और उसे शीघ्र गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित