सहारनपुर , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता डॉ. धर्म सिंह सैनी ने दावा किया है कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो उनका बेटा उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाएगा। डॉ. सैनी ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी जान को खतरा है और उन्हें बुलडोजर से कुचलने तक की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित स्तर पर जानकारी दी गई है। उन्होंने भाजपा नेतृत्व से आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी पारंपरिक नकुड़ विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाए जाने की मांग भी की। डॉ. सैनी ने कहा कि वह लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय हैं और जनता के बीच लगातार कार्य कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में डॉ. सैनी भाजपा छोड़कर समाजवादी पार्टी के टिकट पर नकुड़ सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे, जहां उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था। बाद में वह पुनः भाजपा में शामिल हो गए थे। डॉ. सैनी ने जनपद में सेनी समाज की संख्या का उल्लेख करते हुए भाजपा से गंगोह और नकुड़ विधानसभा क्षेत्रों में सेनी समाज के प्रत्याशियों को अवसर देने की मांग की।

उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय करेगा, वह उसका सम्मान करेंगे, लेकिन क्षेत्रीय सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखकर उम्मीदवार चयन किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित