शाहपुर , अगस्त 30 -- उत्तर प्रदेश के मुज़फ़्फ़रनगर ज़िले में थाना शाहपुर क्षेत्र के गांव तावली में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक पति ने अपनी ही पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना शाहपुर पुलिस को पीआरवी-8553 के जरिए सूचना मिली कि गांव तावली निवासी 36 वर्षीया मोहसीना पत्नी राशिद की उसके पति राशिद (पुत्र अयूब) द्वारा हत्या कर दी गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को तुरंत सील कर दिया और मामले की छानबीन शुरू की। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से भौतिक व वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर उन्हें नियमानुसार सुरक्षित किया। पुलिस ने मृतका के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (एसपी देहात) अक्षय संजय महाडीक ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मातहतों को निष्पक्ष एवं त्वरित जांच के कड़े निर्देश दिए। एसपी देहात ने अभियुक्त राशिद की शीघ्र गिरफ्तारी और प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित