पटना , अगस्त 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने केंद्रीय कैबिनेट की ओर से मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा मार्ग को चार लेन बनाने की स्वीकृति दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। श्री सरावगी ने इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को बिहार के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार एवं अभिनंदन व्यक्त किया है।

श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार बेहतर कनेक्टिविटी के साथ विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य में सड़क, रेल, पुल और अन्य आधारभूत संरचनाओं के विस्तार को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर- सीतामढ़ी-सोनबरसा मार्ग को चार लेन बनाने की स्वीकृति बिहार के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि केंद्रीय कैबिनेट ने 3,590.73 करोड़ रुपये की लागत से 82.578 किलोमीटर लंबे मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी-सोनबरसा मार्ग को चार लेन बनाने की मंजूरी दी है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद इस क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा तथा लोगों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके दूरगामी आर्थिक और सामाजिक प्रभाव होंगे। बेहतर सड़क संपर्क से व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, माल परिवहन आसान होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा आर्थिक अवसरों का विस्तार होगा। सीतामढ़ी और सोनबरसा जैसे क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होने से सीमावर्ती इलाकों को भी इसका विशेष लाभ मिलेगा।उन्होंने कहा कि बिहार में आधुनिक सड़क सुविधाओं का लगातार विस्तार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की संकल्पना को मजबूत करता है। केंद्र सरकार की ओर से बिहार को मिल रही विकास परियोजनाएं राज्य के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती प्रदान कर रही हैं।

श्री सरावगी ने कहा कि मुजफ्फरपुर- सीतामढ़ी-सोनबरसा फोरलेन परियोजना से आम लोगों की यात्रा का समय और परेशानी कम होगी तथा क्षेत्र की विकास क्षमता बढ़ेगी।उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना को स्वीकृति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का बिहार की जनता की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित