पटना , अप्रैल 23 -- िहार सरकार के उद्योग विभाग के तहत राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुजफ्फरपुर जिले में एसएपीएल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड को रेडीमेड गारमेंट्स यूनिट स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्णय बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) की परियोजना स्वीकृति समिति की बैठक में लिया गया।

प्रस्तावित इकाई लगभग 1.38 एकड़ क्षेत्रफल में स्थापित की जाएगी, जहां रेडीमेड गारमेंट्स का उत्पादन होगा। इस परियोजना में लगभग 30 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है। यह परियोजना न केवल औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देगी, बल्कि लगभग 1500 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित कर क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगी।

उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आयडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार ने कहा कि मुजफ्फरपुर में प्रस्तावित यह परियोजना बिहार के औद्योगिक विकास को नई गति देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने और निवेशकों को तेज एवं सहज सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे प्रयास बिहार को एक मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक होंगे।

बिहार सरकार संतुलित एवं समग्र औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। निवेशकों को आधुनिक अवसंरचना, सरल प्रक्रियाएं, बेहतर कनेक्टिविटी एवं नीतिगत सहयोग उपलब्ध कराकर एक अनुकूल निवेश वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे परियोजनाओं का त्वरित और प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।

यह पहल रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के साथ-साथ बिहार को वस्त्र एवं परिधान उद्योग के क्षेत्र में एक सशक्त एवं प्रतिस्पर्धी गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित