मुजफ्फरपुर , जून 14 -- मुजफ्फरपुर पुलिस ने नीट परीक्षा का फर्जी प्रश्नपत्र तैयार कर टेलीग्राम के माध्यम से छात्रों और उनके अभिभावकों से ठगी करने के एक मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया को इस मामले में शिकायत सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में दर्ज की गई थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी मनीष झा सहित अन्य चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब तक इस कांड में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 02 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालूघाट वार्ड-17 स्थित चॉकलेट फैक्ट्री के पास एक किराए के मकान में नीट परीक्षा का फर्जी प्रश्नपत्र तैयार कर उसे टेलीग्राम के माध्यम से बेचने का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और जजुआर थाना क्षेत्र निवासी मनीष झा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किया गया।

इसके बाद सिकंदरपुर थाना कांड संख्या-108/26 दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर-1 के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। इस टीम में जिला आसूचना इकाई और सिकंदरपुर थाना की पुलिस को भी शामिल किया गया। टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया।

इसी क्रम में 13 जून को मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगर थाना क्षेत्र निवासी हर्ष, अमन कुमार, कन्हैया कुमार उर्फ मानव तथा सिकंदरपुर थाना क्षेत्र निवासी हर्ष कनोडिया के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित