पटना , मई 14 -- िहार में औद्योगिक विस्तार के लिए डबल इंजन की सरकार लगातार तत्परता से काम कर रही है. जिसके तहत मुजफ्फरपुर के महवल औद्योगिक क्षेत्र में डालमिया-अंबुजा के इकाइयों की स्थापना एवं किशनगंज में डालमिया सीमेंट इकाई लगाने की परियोजना तय की गयी है।
विकास आयुक्त-सह-अध्यक्ष, राज्य निवेश प्रोत्साहन पर्षद मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में राज्य निवेश प्रोत्साहन बोर्ड की 67वीं बैठक सफलतापूर्वक संपन्न की गयी। बैठक में राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अलग-अलग निवेश प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में 2484.06 करोड़ की कुल 16 परियोजनाओं को स्टेज-1 क्लीयरेंस प्रदान किया गया, जबकि 46.86 करोड़ की 04 परियोजनाओं को वित्तीय स्वीकृति दी गई। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन एवं क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। बैठक के दौरान निवेश स्वीकृति प्रक्रियाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी व त्वरित बनाने पर विशेष बल दिया गया।
मुजफ्फरपुर के महवल औद्योगिक क्षेत्र में अंबुजा कॉन्क्रीट नॉर्थ प्राइवेट लिमिटेड को 1114.94 करोड़ के निवेश से 8219 मीट्रिक टन प्रति दिन (एमटीपीडी) क्षमता की सीमेंट इकाई लगाने की स्वीकृति दी गई। इसके साथ यहां 573.15 करोड की लागत से 2.5 एमटीपीडी क्षमता वाली डालमिया भारत ग्रीन विजन लिमिटेड को भी इकाई लगाने के लिए स्वीकृति प्रदान की गयी। इसके अलावा किशनगंज में 573.76 करोड़ के निवेश से 2.5 मिलियन टन प्रति वर्ष (एमटीपीए) क्षमता की डालमिया सीमेंट (नॉर्थ ईस्ट) लिमिटेड को स्वीकृति प्रदान की गई। इनके साथ अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों में केएनएसजी एल्मुनियम प्राइवेट लिमिटेड, एस राजदेव बिल्डज एलएलपी, आइकॉन स्पाइरल इलेक्ट्रोनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, सीता एग्रो फूड प्रोडक्ट एवं एसएपीएल इंडस्ट्रीज़ प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य निवेश प्रस्ताव शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित