मुजफ्फरपुर , जून 05 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में गुरुवार तड़के लगी भीषण आग में मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल से जुड़े 10 लोगों को हिरासत में लिया था। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद आईसीयू प्रभारी डॉ. पंकज, एडमिन मैनेजर रामकुमार और मेंटेनेंस मैनेजर अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। हादसे के समय ये तीनों अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतते पाए गए।

सूत्रों ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा सुरक्षा मानकों और अग्नि सुरक्षा नियमों के पालन की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि अस्पताल प्रशासन को किसी संभावित खतरे की पूर्व जानकारी थी या नहीं। मामले में हिरासत में लिए गए अन्य सात लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है। अस्पताल संचालक डॉ. उपेंद्र प्रसाद, उनके पुत्र तथा कुछ अन्य चिकित्सक फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित