मुजफ्फरपुर , अप्रैल 28 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर करियात थाना क्षेत्र से पुलिस ने मंगलवार की सुबह एक महिला और उसके दो बच्चों का शव बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शाहबाजपुर मठ के समीप एक घर से एक महिला और उसके दो छोटे बच्चों का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया है। मृतकों की पहचान रीता देवी (30), उसकी बेटी वैष्णवी (02) और तीन माह के पुत्र कन्हैया के रूप में हुई है। घटनास्थल से एक रस्सी भी बरामद हुई है, जिससे गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतका के पति मिठाई लाल शाह ने बताया कि वह सोमवार की रात अपने भाई के साथ एक बारात में गया था।देर रात करीब साढ़े तीन बजे घर लौटने पर दरवाजा बाहर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोलकर वह अंदर पहुँचा तो कमरे में पत्नी और दोनों बच्चों के शव मिला।परिवार के अन्य दो बच्चे उस रात दादी के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे। मृतका की सास उर्मिला देवी ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद को लेकर रिश्तेदारों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि पहले भी उनके बेटे को जान से मारने की कोशिश की जा चुकी है।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुचित्रा कुमारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला(एफएसएल) टीम को जांच के लिये बुलाया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेज दिया गया है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित