मुजफ्फरपुर , जनवरी 15 -- बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र से पुलिस ने गुरूवार को एक ही परिवार के चार लोगों का शव बरामद किया।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर चंदवारा पुल के समीप गंडक नदी के किनारे से चार लोगों का शव बरामद किया गया है। मृतकों की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के लकड़ीढाई मुहल्ला निवासी कृष्ण मोहन की पत्नी ममता देवी , पुत्र आदित्य (07), अंकुश (05) और पुत्री कृति (03) के रूप में की गयी है। सभी लोग पांच दिनों से घर से लापता थे। कृष्ण मोहन ऑटो रिक्शा चलाता है। उसने आरोप लगाया है कि अपहरण के बाद उसकी पत्नी की हत्या की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश मिश्रा ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित