मुजफ्फरपुर , जून 01 -- िहार के मुजफ्फरपुर जिले में मेयर समीर कुमार और चर्चित जमीन कारोारी आशुतोष शाही हत्याकांड के मुख्य आरोपित रहे कुख्यात शूटर गोविंद शर्मा उर्फ गोविंदा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि रविवार रात गोविंद शर्मा पटना से लौटकर अमर सिनेमा रोड स्थित छोटी कल्याणी इलाके के आइकॉन टॉवर अपार्टमेंट में अपने किराये के फ्लैट पर पहुंचा था। इसी दौरान दूसरी मंजिल पर पहले से घात लगाए बैठे दो अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर फरार हो गए।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मिठनपुरा, नगर और काजीमुहम्मदपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) टाउन-1, एसडीपीओ टाउन-2, नगर पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्ला अंसारी तथा वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कराई।
सूत्रों ने बताया कि स्थिति को देखते हुए छोटी कल्याणी और अमर सिनेमा रोड क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को मौके से छह खोखे और पांच कारतूस बरामद हुए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि गोविंद शर्मा के खिलाफ विभिन्न थानों में छह आपराधिक मामले दर्ज थे और वह कई चर्चित हत्याकांडों में आरोपित रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित