मुजफ्फरपुर , मार्च 30 -- मुजफ्फरपुर शहर के अहियापुर थाना क्षेत्र के व्यस्त बाजार समिति रोड पर सोमवार को दिनदहाड़े गिट्टी-बालू कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गायघाट थाना क्षेत्र के बेरुआ गांव निवासी प्रभाकर सिंह के रूप में हुई है, जो लंबे समय से गिट्टी और बालू के व्यवसाय से जुड़े थे। मृतक प्रभाकर सिंह सोमवार को किसी काम से घर से निकले थे। इसी दौरान बाजार समिति रोड पर पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही प्रभाकर सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित