मुजफ्फरनगर , जनवरी 14 -- मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र में गंग नहर पटरी पर बुधवार को एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध हालात में मिला। महिला का शव नहर पटरी की बाउंड्री और लोहे की रेलिंग के बीच फंसा हुआ मिला।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापति, सीओ राम आशीष यादव और थाना प्रभारी दिनेश चंद बघेल समेत कई पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस को शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका है। मृतका के मुंह पर टेप लगा हुआ था, जिससे यह संकेत मिलता है कि महिला के साथ कोई गंभीर वारदात हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। शव की पहचान ममता शर्मा पत्नी कृष्ण पाल उर्फ कालिया निवासी मोहल्ला तगान के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि ममता शर्मा घर-घर जाकर काम करती थी और उसी के सहारे अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार को ममता शर्मा ने फोन पर बताया था कि वह बुआड़ा रोड पर काम देखने के लिए गई है। इसके कुछ देर बाद ही उसका फोन बंद हो गया। जब काफी देर तक संपर्क नहीं हो सका तो परिजनों ने खतौली थाने में ममता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी इसी बीच गंग नहर पटरी से उसका शव बरामद हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित