नयी दिल्ली/नैनीताल , मई 03 -- उत्तराखंड कांग्रेस ने मुजफ्फरनगर कांड के मामलों के त्वरित निस्तारण तथा दोषियों को सजा देने के लिए राज्य सरकार से फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की मांग की है।
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने रविवार को नैनीताल उच्च न्यायालय परिसर में पत्रकारों से कहा कि इस कांड के तीन दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद दोषियों को सजा नहीं मिलना न्याय में देरी का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि 2 अक्टूबर 1994 को मुजफ्फरनगर में महिलाओं के साथ गंभीर अत्याचार हुए और कई लोग शहीद हुए, लेकिन पीड़ित अब तक न्याय से वंचित हैं।
श्री प्रताप ने कहा कि राज्य के हजारों आंदोलनकारी आज भी चिन्हिकरण और आरक्षण के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इस मुद्दे पर पूर्व में आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण, आरक्षण और हाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उत्तराखंड सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए और कहा कि न्याय में देरी, न्याय न मिलने के बराबर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित