पटना, मार्च 17 -- बिहार में इस वर्ष अप्रैल से जून तक भीषण गर्मी और लू की संभावना को लेकर प्रशासन ने पूरी तरह सतर्कता बरतते हुए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि राज्य में इस वर्ष अप्रैल से जून तक भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। साथ ही तेज लू की स्थिति भी बन सकती है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने अभी से व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।इससे निपटने के लिए समुचित कार्ययोजना को मूर्तरूप देने के लिए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचईडी), परिवहन, ऊर्जा, शिक्षा, नगर विकास एवं आवास, मौसम समेत 10 विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं।
इस बीच मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस बार अप्रैल के मध्य से लेकर मई-जून तक हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
मुख्य सचिव श्री अमृत ने अलग अलग दिशा निर्देश जारी करते हुए कहा कि नालंदा, गया, रोहतास तथा अन्य दक्षिण बिहार के जिलों में अभी से ही तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। मार्च महीने से ही दूसरे राज्यों में आग लगने और लोगों को लू लगने जैसी घटनाएं सामने आने लगी हैं। इसके मद्देनजर बिहार को पहले से सतर्क रहने की आवश्यकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित