रायबरेली , अक्टूबर 04 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली शहर में समाजवादी पार्टी ने रविवार को 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' के तहत 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के अंतर्गत में पैदल मार्च निकाला। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सपा ने ज्ञानेश कुमार के पुतले के दहन का भी दावा किया है।
सपा जिलाध्यक्ष इ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि पार्टी के कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रम के तहत सुपर मार्केट से पैदल मार्च करते हुए बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पहुंचे। वहां श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद शहीद चौक होते हुए डिग्री कॉलेज चौराहा तक मार्च किया गया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनकी बर्खास्तगी की मांग की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित