चेन्नई , अक्टूबर 10 -- द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे देश के शीर्ष विपक्षी नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी की पुरजोर निंदा की है।

श्री स्टालिन ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में 'अघोषित आपातकाल' जैसी स्थिति है, जहां लोकतंत्र की रक्षा करने वालों को हिरासत में लिया जा रहा है और इसके साथ ही लोकतंत्र से गद्दारी करने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री स्टालिन ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, माकपा महासचिव एम.ए. बेबी, मानिक सरकार और छात्र संगठनों के नेताओं को तब हिरासत में लिया गया जब वे जनता के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे थे। इसके विपरीत, देशद्रोह के कृत्यों के लिए कटघरे में खड़े होने वाले श्री कुमार जेड-प्लस सुरक्षा के साथ खुलेआम घूम रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित