धर्मशाला , जून 06 -- भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शनिवार को पालमपुर सब-डिविजन का दौरा किया और प्रशासनिक एवं चुनाव अधिकारियों के साथ चुनाव प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

बातचीत के दौरान श्री कुमार ने चुनाव कराने के अपने व्यापक अनुभव को साझा किया और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से फीडबैक भी लिया और चुनाव ड्यूटी के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों व सवालों पर बात करते हुए मौके पर ही मार्गदर्शन दिया।

बैठक के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त अपने परिवार के साथ मशहूर वाह टी एस्टेट गए। उन्होंने पालमपुर की प्राकृतिक सुंदरता और माहौल की तारीफ की तथा स्थानीय अधिकारियों से इस इलाके में पर्यटन गतिविधियों एवं भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चाय के बागानों का दौरा किया और चाय की खेती के बारे में जाना तथा हरी पत्तियों से लेकर तैयार उत्पाद तक चाय बनाने की पूरी प्रक्रिया को देखा।

इससे पहले में मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपने परिवार के साथ चामुंडा देवी मंदिर और बज्रेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने ऐतिहासिक कांगड़ा किले का भी दौरा किया और किले के इतिहास में रुचि दिखायी।

इस दौरान कृषि विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार डॉ. मधु चौधरी, अतिरिक्त मुख्य चुनाव अधिकारी मुरारी लाल और नीरज चंदला, उप मुख्य चुनाव अधिकारी दोरजे ठाकुर, एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा, एसडीएम डॉ. ओ.पी. यादव और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित