नई दिल्ली/ रांची , जून 17 -- झारखंड के देव दास दत्ता को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन प्रशिक्षण सामग्रियों को तैयार करने के लिए सम्मानित किया है।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नई दिल्ली, आईआईआईडीईएम के सभागार में आईआईआईडीईएम के 15 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में आयोजित समारोह में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने निर्वाचन प्रशिक्षण सामग्रियों को पेडोलॉजी के अनुरूप तैयार करने एवं आई-गोट प्लेटफॉर्म पर ई-लर्निंग मैटिरियल तैयार कर पोस्ट करने के कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखण्ड के स्टेट ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी श्री दत्ता को सम्मानित किया।

ज्ञातव्य हो कि आईआईआईडीईएम जो भारत निर्वाचन आयोग का प्रशिक्षण संस्थान है राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है इसकी स्थापना 17 जून 2011 को हुई थी। आईआईआईडीईएम के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार द्वारा श्री दत्ता को इसके अलावा पूरे भारतवर्ष में निर्वाचन प्रशिक्षण सामग्रियों को तैयार करने हेतु चयनित 7 एनएलएमटी के कोर एक्सपर्ट्स के रूप में भी शामिल किया गया है।

विदित हो कि श्री दत्ता 2019 एवं 2024 के लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में देश के विभिन्न राज्यों एवं राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षणों में भी नेशनल लेवल मास्टर ट्रेनर के रूप में अपना योगदान दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित