नयी दिल्ली , सितंबर 25 -- कॉकरोच जनता पार्टी ने शुक्रवार को ऐलान करते हुए कहा कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) विवाद को लेकर अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो पार्टी आगामी दो अक्टूबर (गांधी जयंती) से मुंबई से एक देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करेगी।

सीजेपी के राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार कल तक अपना त्यागपत्र नहीं सौंपते हैं, तो पार्टी मुंबई से आंदोलन शुरू कर इसे देश के अन्य शहरों में फैलाएगी और इस गांधी जयंती पर लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लेगी।

यह घोषणा पार्टी द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त को इस्तीफा देने के लिए दी गई 48 घंटे की समयसीमा समाप्त होने के बाद आई है। सीजेपी ने चेतावनी दी थी कि मांगें न माने जाने पर देशव्यापी आंदोलन के साथ-साथ दिल्ली में अनिश्चितकालीन धरना भी शुरू किया जाएगा।

'इलेक्शन कमीशन ठीक करो' अभियान की शुरुआत करते हुए पार्टी के संयोजक अभिजीत दीपके और सह-संयोजकों सौरव दास तथा आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि एसआईआर प्रक्रिया के कारण 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की प्रारूप मतदाता सूचियों से 13 करोड़ से अधिक वैध नाम बाहर हो गए हैं। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग यह साबित करे कि मतदाता सूची से हटाया गया हर नाम कानूनी, पारदर्शी और समीक्षा योग्य प्रक्रिया के तहत हटाया गया है।

सीजेपी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे के साथ-साथ एसआईआर प्रक्रिया के दौरान लिए गए फैसलों की स्वतंत्र जांच की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित