भोपाल , अगस्त 27 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 29 अगस्त शनिवार को बालाघाट जिले में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में शामिल होंगे। रक्षाबंधन के अवकाश के कारण इस बार पूरे प्रदेश में जनविश्वास अभियान 29 अगस्त को आयोजित किया जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने विभागाध्यक्षों के साथ कलेक्टर, संभागायुक्त और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अभियान के आयोजन के संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बालाघाट में जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन में चिन्हित शिकायतकर्ताओं की शिकायतें स्वयं सुनेंगे। इस दौरान बैठक एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के साथ मीडिया संवाद और उद्योग संवाद भी आयोजित होगा। प्रदेश के सभी जिलों में भी 29 अगस्त को जनविश्वास अभियान आयोजित किया जाएगा।
अभियान के दौरान विभिन्न शासकीय आवासीय संस्थाओं, जिनमें आवासीय विद्यालय, आश्रम और छात्रावास शामिल हैं, का भ्रमण एवं निरीक्षण अनिवार्य रूप से किया जाएगा। अधिकारियों द्वारा इन संस्थाओं में रहने वाले छात्र-छात्राओं और युवाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं तथा महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित