सुकमा , नवंबर 07 -- छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायत के महज सात दिनों के भीतर जिला प्रशासन ने वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करते हुए गांव के प्रमुख मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगवा दीं। इस पहल से लगभग 450 ग्रामीणों को राहत मिली है। वहीं, राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिकायतकर्ता रितेश कुमार यादव को 'विष्णु की पाती' के माध्यम से शुभकामना संदेश भेजा है।
जिले के छिंदगढ़ विकासखंड अंतर्गत कोकावाड़ा (जांगड़पाल) गांव के ग्रामीण लंबे समय से पुसपाल-चितलनार मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से परेशान थे। घने जंगलों से घिरे इस मार्ग पर रात के समय आवागमन करना जोखिम भरा था। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
गांव के युवा रितेश कुमार यादव ने समस्या के समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराते हुए मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की और सात दिनों के भीतर सड़क पर स्ट्रीट लाइटें लगवा दीं। प्रकाश व्यवस्था शुरू होने से ग्रामीणों को रात्रिकालीन आवागमन में सुविधा मिलने लगी है।
इस बीच, छत्तीसगढ़ राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 'विष्णु की पाती' के जरिए रितेश यादव और उनके परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मुख्यमंत्री की ओर से व्यक्तिगत संदेश मिलने पर यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अपने परिवार के लिए सम्मान का विषय बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित