दंतेवाड़ा , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दंतेवाड़ा जिले के सुदूर एवं दुर्गम ग्राम बड़ेपल्ली पहुंचकर 227 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की।
बैलाडीला के पहाड़ी क्षेत्र स्थित गांव तक पहुंचने के लिए टीम को लगभग 13 किलोमीटर का कठिन पहाड़ी मार्ग पैदल तय करना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को बताया कि कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में मलेरिया, सिकल सेल, हीमोग्लोबिन, मधुमेह, रक्तचाप समेत विभिन्न जांचें की गईं। जांच के दौरान एक उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिला की पहचान कर उसे बेहतर उपचार एवं सुरक्षित प्रसव के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीड़ित 12 मरीजों को आगे के उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया।
शिविर में गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, बच्चों का टीकाकरण तथा जरूरतमंद ग्रामीणों को निशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को पोषण, स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा आयुष्मान भारत योजना के लाभों की जानकारी भी दी। साथ ही सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के माध्यम से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें जिला अस्पताल तथा आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थानों में उपचार के लिए भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार ऐसे गांवों तक पहुंच रही हैं, जहां स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच पहले सीमित थी। अभियान से ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और उन्हें अपने गांव के समीप ही आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित