टिहरी , मई 19 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में वित्तीय समावेशन और स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति को लेकर मंगलवार को जिला सलाहकार समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की।

बैठक में लीड बैंक मैनेजर मनीष मिश्रा ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्रिसिल फाउंडेशन के सहयोग से विकासखंड थौलधार, प्रतापनगर और देवप्रयाग में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए गए। मार्च 2026 तिमाही के दौरान जिले में कुल 368 फाइनेंशियल लिटरेसी कैंप लगाए गए, जिनमें 7106 लोगों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में वार्षिक ऋण योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत निर्धारित 650 ऋण लक्ष्यों के सापेक्ष 755 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया, जो लक्ष्य से अधिक है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने योजना के 203 निरस्त आवेदनों का रिजेक्शन ऑडिट कर अगली बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

ग्रामीण अवस्थापना एवं स्वयं सहायता समूहों की बैंक लिंकिंग सहायता योजना के अंतर्गत निर्धारित 1520 लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा किए जाने की जानकारी भी बैठक में दी गई।

बैठक में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि वर्ष 2025-26 में संस्थान द्वारा 15 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 389 लोगों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। इनमें से 321 प्रशिक्षणार्थियों ने स्वरोजगार शुरू किया, जिनमें 239 ने बैंक ऋण की सहायता से तथा 82 ने स्वयं के संसाधनों से रोजगार स्थापित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित